निगमायुक्त संजीव खिरवार ने नई इलेक्ट्रिक मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के फील्ड ट्रायल का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने नई इलेक्ट्रिक मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के फील्ड ट्रायल का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने आगामी वायु प्रदूषण सीजन की तैयारियों के तहत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के परीक्षण की जा रही नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (एमआरएसएम) के फील्ड ट्रायल का गुरुवार को निरीक्षण किया।

इन मशीनों को फील्ड ट्रायल के लिए दिल्ली में एयरलिफ्ट किया गया है। ये मशीनें आगामी सीजन के दौरान कुल 70 एमआरएसएम की तैनाती से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना का हिस्सा हैं, जिसके लिए पर्यावरण विभाग, जीएनसीटीडी द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने इन मशीनों की कार्यप्रणाली एवं परिचालन क्षमता का जायजा लिया। इस परियोजना के तहत दिल्ली में पहली बार 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी आधारित एमआरएसएम तैनात की जाएंगी। यूरोप से आयातित ये मशीनें स्वचालित रूप से संचालित (सेल्फ -प्रोपेल्ड) हैं तथा इनकी सफाई क्षमता 2 घन मीटर और 4 घन मीटर है।

इन मशीनों में अतिरिक्त तीसरा फ्रंट ब्रश लगाया गया है, जिससे इनकी सफाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है तथा सड़क की धूल एवं मलबे को अधिक प्रभावी ढंग से हटाने में मदद मिलेगी। एमसीडी द्वारा इन मशीनों की तैनाती नवंबर 2026 के मध्य से शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

इन मशीनों को एयरलिफ्ट किया जाना एमसीडी द्वारा अपनी मैकेनाइज्ड स्वच्छता व्यवस्था को त्वरित गति से मजबूत करने तथा आगामी वायु प्रदूषण अवधि के लिए तैयारियों को और बेहतर करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। सड़क सफाई एवं स्वच्छता कार्यों में बढ़ते मशीनीकरण के माध्यम से एमसीडी का उद्देश्य सड़कों की स्वच्छता में सुधार करना तथा दिल्ली में धूल से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने के प्रयासों में योगदान देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story