निगमायुक्त ने सिविल लाइन्स क्षेत्र और जहांगीर पुरी स्थित सी एंड डी प्लांट का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
निगमायुक्त ने सिविल लाइन्स क्षेत्र और जहांगीर पुरी स्थित सी एंड डी प्लांट का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को सिविल लाइन्स क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और स्वच्छता एवं प्रदूषण की रोकथाम के लिए निगम के किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

निगमायुक्त संजीव खिरवार ने जहांगीर पुरी स्थित 2000 टीपीडी क्षमता वाले सी एंड डी वेस्ट प्लांट का भी निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने धूल की रोकथाम के लिए सी एंड डी वेस्ट प्लांट के चारों तरफ शीट्स लगाने एवं वाटर स्प्रिंकलर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सी एंड डी प्लांट के मुख्य मार्ग पर झाड़ियां लगाने के निर्देश दिए एवं संयंत्र का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लांट पर लगे निर्माण एवं विध्वंस कचरे के ढेर को कार्य योजना बनाकर जल्द से जल्द खत्म करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त संजीव खिरवार ने दिल्ली विश्वविद्यालय स्थित और मॉडल टाउन के प्रिंसेस रोड पर स्थित एफसीटीएस का निरीक्षण किया। इसे मॉडल एफसीटीएस के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने एफसीटीएस के समीप स्थित निगम की भूमि को योजना बनाकर राजस्व संवर्धन के लिए उपयोग करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को नागरिकों का जीवन सुगम बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम दिल्ली को साफ स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन्स क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, प्रमुख अभियंता, पीसी मीणा एवं निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story