निगमायुक्त संजीव खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर बायो माइनिंग कार्यों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर बायो माइनिंग कार्यों का लिया जायजा


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को ओखला लैंडफिल साइट पर जारी बायो माइनिंग कार्यों का जायजा लिया। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट कचरे के निस्तारण की प्रगति पर संतुष्टि व्यक्त की और कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर बचे कूड़े को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए।

निगमायुक्त ने ओखला लैंडफिल साइट पर जमा नए कूड़े के निस्तारण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर जमा नए कूड़े को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए। उन्होंने लैंडफिल साइट के प्रवेश मार्ग को पक्का करने के आदेश दिए ताकि लैंडफिल साइट पर भारी वाहनों का सुगमता से आवागमन होता रहे।

संजीव खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट पर प्रतिदिन आने वाले नए कूड़े के निस्तारण कार्य में भी तेजी लाने के आदेश दिए। ओखला लैंडफिल साइट पर नए कचरे के निस्तारण के लिए 1400 टन प्रतिदिन क्षमता वाले संयंत्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इस कार्य को अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद नए कचरे के निस्तारण कार्य में तेजी आएगी।

निगमायुक्त ने ओखला में बन रहे निर्माण एवं विध्वंस कचरे के निस्तारण संयंत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एवं विध्वंस संयंत्र का निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी को संयंत्र का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता के. के. शर्मा सहित दिल्ली नगर निगम के उच्च अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story