निगमायुक्त ने पंजाबी बाग में भारत दर्शन पार्क, वायु गुणवत्ता निगरानी हॉटस्पॉट और अपशिष्ट प्रबंधन का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने गुरुवार को पंजाबी बाग क्षेत्र में वायु प्रदूषण की स्थिति का जायजा लेने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए चिह्नित हॉटस्पॉट, पंजाबी बाग में स्थापित पजल पार्किंग व्यवस्था तथा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भारत दर्शन पार्क से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए निगमायुक्त ने बुनियादी जानकारियां लीं। पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री ने उन्हें बताया कि साढ़े आठ एकड़ में बने इस आकर्षक पार्क में अपने देश के सभी राज्यों में बने मशहूर इमारतों को 450 टन स्क्रैप से निर्मित किया गया है। इस पार्क का उद्घाटन 25 दिसंबर 2021 को हुआ था। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर लगभग 20 एकड़ भूमि को भारत दर्शन पार्क की तरह ही सुंदर थीम बेस्ड पार्क की तरह विकसित किया जाना चाहिए।
अपने निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने उपायुक्त पश्चिमी क्षेत्र कर्नल विनोद अत्री से वायु गुणवत्ता की निगरानी, प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की पहचान और उन्हें नियंत्रित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। उन्होंने पजल पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया । निगमायुक्त ने वाहनों और श्मशान घाट पर शव दहन से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के उचित संग्रहण, परिवहन तथा निस्तारण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्माण एवं विध्वंस से पैदा अपशिष्ट सामग्री का व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने, नियमित निगरानी बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
इस दौरान पश्चिमी क्षेत्र वार्ड समिति के अध्यक्ष हरीश ओबेरॉय, स्थानीय निगम पार्षद सुमन त्यागी, पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री सहित निगम के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

