एमसीडी ने शिक्षण संस्थानों के आसपास चलाया विशेष सफाई अभियान, विद्यार्थियों एवं सामुदायिक संगठनों ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी ने शिक्षण संस्थानों के आसपास चलाया विशेष सफाई अभियान, विद्यार्थियों एवं सामुदायिक संगठनों ने लिया भाग


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में कॉलेज के विद्यार्थियों, सामुदायिक संगठनों एवं स्थानीय हितधारकों ने जनभागीदारी की भावना के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता बनाए रखने में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहर में धूल प्रदूषण को कम करने के प्रयासों को और मजबूत करना है।

इस अभियान के अंतर्गत पश्चिमी क्षेत्र में जनकपुरी, शिवाजी एन्क्लेव और शक्ति नगर में विशेष गहन सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी प्रकार पूर्वी क्षेत्र द्वारा कड़कड़डूमा, मधुबन एन्क्लेव, प्रीत विहार और आनंद विहार में भी गहन सफाई अभियान आयोजित किए गए तथा सार्वजनिक स्थलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई।

एक अन्य महत्वपूर्ण गतिविधि के तहत केशवपुरम क्षेत्र के वार्ड संख्या 66, वजीरपुर में आर्यभट्ट फ्लाईओवर से सत्यवती कॉलेज रेड लाइट तक गहन सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में 12 सफाई कर्मचारियों के साथ कॉलेज के विद्यार्थियों एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान क्षेत्र से लगभग दो रिक्शा कचरा एवं धूल एकत्रित की गई।

इन विशेष अभियानों के माध्यम से एमसीडी सड़कों, सार्वजनिक स्थलों तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास जमा धूल, कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाने पर विशेष ध्यान दे रही है। निगम विद्यार्थियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) एवं सामुदायिक संगठनों को भी स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा दिल्ली को स्वच्छ बनाने में सहयोगी बनने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

एमसीडी के अनुसार दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के गहन सफाई अभियान निरंतर जारी रहेंगे, जिनमें धूल प्रदूषण को कम करने तथा शहर के समग्र पर्यावरण को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story