(अपडेट) एमसीडी उपचुनाव के 12 वार्डों के नतीजे घोषित, भाजपा का 7 सीटों पर कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) एमसीडी उपचुनाव के 12 वार्डों के नतीजे घोषित, भाजपा का 7 सीटों पर कब्जा


नई दिल्ली, 3 दिसंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डो में हुए उप चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए गए। एमसीडी के अनुसार 12 में से 7 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तीन सीट पर आम आदमी पार्टी (आआपा), एक सीट पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। 30 नवंबर को हुए उपचुनाव में कुल 38.51 फीसदी मतदान हुआ था।

नगर निगम उपचुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिन सात उम्मीदवाराें जीत दर्ज की है उनमें शालीमार बाग-बी के वार्ड 56 से अनीता जैन, ग्रेटर कैलाश के वार्ड 173 से अंजुम मंडल, अशोक विहार के वार्ड 65 से वीना असीजा, चांदनी चौक के वार्ड 74 से सुमन कुमार गुप्ता, विनोद नगर के वार्ड 198 से सरला चौधरी, द्वारका-वी के वार्ड 120 से मनीषा राजपाल सहरावत और दिचाऊं कलां के वार्ड 128 से रेखा रानी ने परचम लहराया है।

इसके अलावा आम आदमी पार्टी (आआपा) के तीन सीटों में मुंडका से अनिल लाकड़ा, नारायणा से राजन अरोड़ा और दक्षिणपुरी से रामस्वरूप कनौजिया ने जीत दर्ज की। वहीं, संगम विहार-ए से कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने और चांदनी महल से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद इमरान ने जीत हासिल की।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story