निगम सदन में सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी का आरोप, आआपा पार्षदों पर बरसे जयभगवान यादव

WhatsApp Channel Join Now
निगम सदन में सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी का आरोप, आआपा पार्षदों पर बरसे जयभगवान यादव


निगम सदन में सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी का आरोप, आआपा पार्षदों पर बरसे जयभगवान यादव


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जयभगवान यादव ने मंगलवार को निगम सदन की बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता विपक्ष अंकुश नारंग और अन्य आआपा पार्षदों पर सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और कथित धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

जय भगवान यादव ने कहा कि निगम सदन की बैठक में प्रदूषण, अवैध निर्माण और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा चल रही थी। विभिन्न पार्षद अपने सुझाव सदन में रख रहे थे। इसी दौरान आआपा पार्षदों के करीब दो घंटे की देरी से सदन में पहुंचने का उन्होंने आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष अंकुश नारंग के सदन में प्रवेश के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें निर्धारित प्रवेश द्वार से जाने के लिए कहा। इस दौरान नारंग और उनके साथ मौजूद कुछ पार्षदों ने सुरक्षा कर्मियों से बहस की और कथित तौर पर धक्का-मुक्की एवं बदसलूकी की।

नेता सदन ने कहा कि सुरक्षा कर्मी सदन की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। निर्धारित प्रवेश द्वार और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करवाना उनकी जिम्मेदारी है। निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग और सम्मानजनक व्यवहार करें।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने और असहमति जताने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए सदन की नियमावली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। सुरक्षा कर्मियों के साथ कथित हाथापाई या बदसलूकी को लोकतांत्रिक विरोध का उचित तरीका नहीं माना जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story