एमसीडी में 187 नई नियुक्तियां, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल शुरू

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी में 187 नई नियुक्तियां, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल शुरू


नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें 17 स्पेशल एजुकेटर भी शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य निगरानी के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिविक सेंटर में आयोजित समारोह में नवनियुक्त अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को गति देना दिल्ली नगर निगम को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि निगम सीधे तौर पर दिल्ली के नागरिकों की दैनिक जरूरतों और सुविधाओं से जुड़ा है, इसलिए पर्याप्त और सक्षम मानव संसाधन के बिना प्रभावी नागरिक सेवाओं की कल्पना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम को आधुनिक तकनीक, मजबूत आधारभूत संरचना, पर्याप्त मानव संसाधन और आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराकर उसकी कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम की कार्यप्रणाली जितनी मजबूत होगी, उसका सीधा लाभ दिल्ली के नागरिकों को बेहतर, तेज और समयबद्ध सेवाओं के रूप में मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमसीडी के अस्पतालों में नई इमारतों, नए ब्लॉकों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक मानव संसाधन को मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही, निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए शुरू किया गया मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निगम की सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि दिल्ली के नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल 187 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने का अवसर नहीं, बल्कि 187 परिवारों के जीवन में नई उम्मीद, स्थायित्व और आत्मविश्वास का संचार करने वाला दिन है। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिला यह नियुक्ति पत्र उनके लिए रोजगार के साथ-साथ सम्मान, सुरक्षा और भविष्य की नई शुरुआत का संबल है।

महापौर ने कहा कि 49 नियुक्तियों में 31 महिलाओं की नियुक्ति नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि निगम में 268 अन्य नियुक्तियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है और 168 पदों के लिए डीएसएसएसबी को अधियाचन भेजे गए हैं, जिससे दिल्ली नगर निगम का मानव संसाधन और मजबूत होगा तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

उन्होंने कहा कि 92 एमटीएस को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां संबंधित परिवारों के लिए केवल रोजगार नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में संवेदना और जिम्मेदारी के साथ दिया गया एक मजबूत सहारा हैं।

महापौर ने कहा कि एमसीडी अपने कर्मचारियों के कल्याण, सम्मान और अधिकारों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह एमटीएस कर्मचारियों के लिए समान वेतन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रत्येक कर्मचारी का सम्मान और कल्याण हमारी जिम्मेदारी है। निगम का हर कर्मचारी सम्मान के साथ काम करे और पूरी ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता तथा मानवीय संवेदना के साथ दिल्ली की सेवा करे। जब कर्मचारी सशक्त और सम्मानित होगा, तभी निगम और अधिक मजबूत होगा और दिल्लीवासियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि एमसीडी के अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नई तकनीकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का शुभारंभ निगम विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित और बेहतर निगरानी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ पर्याप्त और सक्षम मानव संसाधन भी आवश्यक है तथा निगम में नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

इस अवसर पर उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, सदन के नेता जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चड्ढा तथा अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) पंकज नरेश अग्रवाल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story