नव-निर्वाचित महापौर प्रवेश वाही ने यमुना बाजार हनुमान मंदिर में किए दर्शन, क्षेत्रीय व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नव-निर्वाचित महापौर प्रवेश वाही ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात बुधवार को यमुना बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं जनसेवा के दायित्व को निभाने के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर महापौर ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से सफाई व्यवस्था एवं पार्किंग सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
महापौर ने दिल्ली नगर निगम की ओर से राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित दिल्ली हमारा लक्ष्य है, जिसे प्राप्त करने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही हम शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बना सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पार्किंग व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर का यह दौरा दिल्ली में बेहतर नागरिक सुविधाओं और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान नेता सदन जय भगवान यादव, अतिरिक्त आयुक्त लीलाधर मेघवाल, उपायुक्त सिटी-एसपी जोन कनिका सिंह एवं स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

