महापौर ने निगम मुख्यालय में अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने निगम मुख्यालय में अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर राजा इकबाल सिंह ने निगम मुख्यालय में बाबासाहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत केदारनाथ सहनी ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर निगम के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबासाहेब डॉ. बीआर अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव लाने की उनकी प्रेरणा आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।

महापौर ने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का बाबासाहेब का संदेश समाज को सशक्त बनाने का आधार है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे बाबासाहेब डॉ. बीआर अंबेडकर के आदर्शों को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहें।

कार्यक्रम में निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित वरिष्ठ अधिकारी, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story