महापौर कार्यालय को आठवीं बार बम से उड़ाने की मिली धमकी

WhatsApp Channel Join Now
महापौर कार्यालय को आठवीं बार बम से उड़ाने की मिली धमकी


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर कार्यालय को सोमवार प्रातः एक बार फिर बम विस्फोट की धमकी प्राप्त हुई। यह आठवीं बार है जब महापौर कार्यालय को इस प्रकार बम से उड़ाने की धमकी प्राप्त हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए महापौर कार्यालय द्वारा तत्काल सुरक्षा एजेंसियों एवं दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय करते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।

महापौर कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार आज प्रात 9 बजे एक अज्ञात स्रोत से ई-मेल के माध्यम से यह धमकी प्राप्त हुई, जिसमें दोपहर 2:11 बजे बम विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी मिलते ही बिना किसी विलंब के संबंधित सुरक्षा एजेंसियों एवं दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

सूचना प्राप्त होने के उपरांत दिल्ली पुलिस एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने महापौर कार्यालय परिसर की सघन एवं विस्तृत तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कार्यालय के प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया।

महापौर कार्यालय ने स्पष्ट किया कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की धमकी प्राप्त हुई हो। इससे पूर्व भी सात बार महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार प्राप्त हो रही ऐसी धमकियों को अत्यंत गंभीर विषय मानते हुए महापौर कार्यालय द्वारा पूर्व में दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक औपचारिक पत्र भी प्रेषित किया गया था, जिसमें इन घटनाओं की विस्तृत जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था।

महापौर कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों एवं संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार इस प्रकार की धमकियां मिलना चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शरारतपूर्ण एवं भय उत्पन्न करने वाली घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story