महापौर ने मालवीय नगर में मेगा अभियान का किया नेतृत्व, सड़क पर की सफाई

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने मालवीय नगर में मेगा अभियान का किया नेतृत्व, सड़क पर की सफाई


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को दक्षिण जोन के मालवीय नगर मार्केट में मेगा सफाई अभियान का नेतृत्व किया।

सतीश उपाध्याय द्वारा आयोजित मेगा सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने स्वयं अभियान में भाग लेते हुए सड़क पर उतरकर सफाई की। उनके इस प्रयास का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा यह संदेश देना था कि दिल्ली को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। नियमित सफाई अभियान, बेहतर कचरा प्रबंधन और जन-जागरूकता के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय की क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जनसमस्याओं के समाधान तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं दिल्ली नगर निगम के बीच प्रभावी समन्वय और निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर में आयोजित यह मेगा सफाई अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। ऐसे अभियानों के माध्यम से न केवल सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जा सकती है, बल्कि नागरिकों में अपने आसपास के वातावरण के प्रति जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा सकती है।

महापौर ने कहा कि सफाई अभियान केवल एक दिन की गतिविधि नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे निरंतर जनभागीदारी से जुड़े जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने बाजार संघों, दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है, ताकि पैदल यात्रियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम में निगम पार्षद, आर डब्ल्यू ए और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर मालवीय नगर के विधायक, जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय तथा दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story