गृह मंत्री अमित शाह से महापौर ने की मुलाकात, तीनों लैंडफिल साइटों पर चल रहे कार्यों की रिपोर्ट सौंपी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा दिल्ली की तीनों लैंडफिल साइटों पर चल रहे बायोमाइनिंग एवं वेस्ट प्रोसेसिंग कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर महापौर ने तीनों लैंडफिल साइटों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्री को सौंपते हुए परियोजनाओं के विभिन्न आयामों से अवगत कराया।

बैठक के दौरान दिल्ली के समग्र विकास, स्वच्छ एवं हरित राजधानी के निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। महापौर ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से दिल्ली नगर निगम राजधानी को लैंडफिल मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से कार्य कर रहा है।

महापौर प्रवेश वाही ने केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया कि ओखला लैंडफिल साइट पर बायोमाइनिंग एवं वेस्ट प्रोसेसिंग के माध्यम से कुल 62 एकड़ भूमि में से लगभग 30 एकड़ भूमि को पुनः प्राप्त किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस स्थल पर अब तक लगभग 80 लाख मीट्रिक टन लैगेसी वेस्ट का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जबकि लगभग 15 लाख मीट्रिक टन फ्रेश वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य तीव्र गति से जारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार ओखला लैंडफिल साइट पर नए व पूराने कूड़े के ढेर को दिसंबर तक पूर्णतः समाप्त कर दिया जाएगा।

महापौर ने आगे बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। यहां कुल 70 एकड़ भूमि में से लगभग 25 एकड़ भूमि को पुनः प्राप्त किया जा चुका है तथा इस लैंडफिल साइट को भी दिसंबर तक पूर्णतः समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि लैंडफिल से मुक्त होने वाली भूमि का उपयोग विभिन्न जनहित एवं विकासात्मक परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और राजधानी के शहरी विकास को नई गति प्राप्त होगी।

महापौर ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को अवगत कराया कि गाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर इनर्ट (मिट्टी) के निपटान में कुछ तकनीकी एवं परिचालन संबंधी व्यवधान उत्पन्न हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल लाल खट्टर के निर्देशों के उपरांत एनटीपीसी द्वारा 40 लाख मीट्रिक टन इनर्ट (मिट्टी) उठाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इससे गाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर बायोमाइनिंग एवं वेस्ट प्रोसेसिंग कार्यों में उल्लेखनीय गति आई है तथा इस स्थल को दिसंबर 2027 तक पूर्णतः समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए राजधानी को स्वच्छ, हरित एवं लैंडफिल मुक्त बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन से दिल्ली शीघ्र ही स्वच्छता एवं सतत शहरी विकास के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को उनके द्वारा दिए गए अमूल्य समय प्रदान करने के लिये आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story