महापौर प्रवेश वाही ने वार्ड नंबर-29 पूठ खुर्द का निरीक्षण किया एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनी

WhatsApp Channel Join Now
महापौर प्रवेश वाही ने वार्ड नंबर-29 पूठ खुर्द का निरीक्षण किया एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनी


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने स्वच्छता के प्रति गंभीरता दिखाते हुए निरीक्षण की श्रृंखला में सोमवार को वार्ड नंबर-29 पूठ खुर्द का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी एवं उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

महापौर प्रवेश वाही ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों के साथ वार्तालाप कर उनकी समस्याएं सुनी। महापौर ने ग्रामोदय अभियान के अंतर्गत दिल्ली देहात के गांवों के विकास के लिए जारी किए गए फंड के लिए दिल्ली सरकार एवं उपराज्यपाल का धन्यवाद किया।

प्रवेश वाही ने कहा कि गलियों का निर्माण कार्य अतिशीघ्रता से पूरा किया जाए और अगर कोई समस्या है तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाएगा लेकिन अगर समस्या दूर नहीं हुई तो फिर से निरीक्षण करूंगा। अधिकारियों ने बचे हुए निर्माण कार्य एक सप्ताह में पूरा करने का वादा किया।

महापौर ने बरवाला स्थित निगम विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय प्रांगण की चारदीवारी को ठीक करने के भी निर्देश दिए।

महापौर प्रवेश वाही ने ग्रामीणों से निवेदन किया कि वो डेयरियों के गोबर को नालियों में न बहाएं। उन्होंने कहा कि गोबर को नालियों में बहाने से नालियां भर जाती हैं जिसकी वजह से काफी समस्याएं आती हैं। उन्होंने कहा कि गोबर के निस्तारण के लिए हमने दिल्ली में दो गोबर गैस संयंत्र स्थापित किए हैं जहां गोबर से गैस एवं खाद मिल रही हैं। वाही ने कहा कि जैसे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुहिम के द्वारा खुले में शौच से मुक्ति मिली उसी प्रकार निगम गोबर की समस्या का समाधान करेंगी।

महापौर ने कहा कि गंदगी की समस्या से निजात दिलाने एवं नालों को आपस में जोड़ने का कार्य करने के लिए निगम एवं पी डब्ल्यू डी विभाग के अधिकारियों को साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि निगम पूरी मेहनत के साथ जनता की सेवा कर रहा हैं एवं भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि दिन रात जनता की सेवा करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने ग्रामीणों से निवेदन किया कि वो स्वच्छता की इस मुहिम में अपनी भागीदारी दें।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अंजू देवी, मनोनीत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद सहरावत, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, नरेला क्षेत्र के उपायुक्त रघुवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story