महापौर ने हिंदूराव अस्पताल का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने हिंदूराव अस्पताल का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को हिंदूराव अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुमनलता मेहंदी रत्ता, उपायुक्त कनिका सहित निगम एवं अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक, विभिन्न वार्डों, बाल चिकित्सा आपातकालीन ब्लॉक, आईसीयू तथा लेबर रूम का दौरा किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार व्यवस्था तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

महापौर ने विशेष रूप से मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और अस्पताल परिसर एवं वार्डों में स्वच्छता का स्तर और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एलईडी लाइट लगाने तथा टूटी हुई बेंचों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में सड़क की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रोड की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने लेबर रुम में किए गए उन्नयन कार्यों का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लेबर रुम में लगाए गए सीटीजी मॉनिटर्स का भी जायजा लिया। साथ ही बाल चिकित्सा आपातकालीन ब्लॉक तथा अन्य वार्डों के उन्नयन कार्यों की प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हिंदूराव अस्पताल का लगातार उन्नयन एवं आधुनिकीकरण किया जा रहा है, ताकि दिल्लीवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में नई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं तथा नए ब्लॉक का भी उद्घाटन किया गया है। अस्पताल की आईसीयू की क्षमता 8 बेड से बढ़ाकर 18 बेड की जा रही है, जिसका कार्य प्रगति पर है। इससे गंभीर मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के पुराने एवं जर्जर रेजिडेंस ब्लॉक को हटाकर उसके स्थान पर नया वार्ड ब्लॉक विकसित करने की योजना है, जिसमें लगभग 200 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही पुराने लॉन्ड्री ब्लॉक को हटाकर वहां रेजिडेंस ब्लॉक को स्थानांतरित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे अस्पताल परिसर का बेहतर उपयोग हो सकेगा और मरीजों के लिए भविष्य में अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story