महापौर प्रवेश वाही ने वासुदेव घाट का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महापौर प्रवेश वाही ने वासुदेव घाट का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को सिटी एसपी जोन स्थित वासुदेव घाट का निरीक्षण कर आगामी छठ पर्व के मद्देनजर की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट पर छठ पूजा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी।

घाट पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महापौर ने संबंधित एसडीएम से भी बातचीत की तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त टेंट लगाने और घाट परिसर में आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से दवाइयों का छिड़काव कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और पर्व से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा इस वर्ष छठ पर्व के आयोजन के लिए दिल्लीभर में लगभग 1,400 घाटों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम घाटों का भी निर्माण कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु अपने नजदीकी स्थानों पर ही श्रद्धा एवं आस्था के साथ छठ महापर्व मना सकें।

महापौर ने कहा कि छठ पर्व दिल्ली की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तथा प्राप्त सुझावों और आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राजपाल राणा, पार्षद सुमन गुप्ता सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story