दिल्ली महापौर ने प्रशांत विहार में दो कॉम्पेक्टर का किया उद्घाटन, कूड़ा नहीं फैलेगा इधर-उधर

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली महापौर ने प्रशांत विहार में दो कॉम्पेक्टर का किया उद्घाटन, कूड़ा नहीं फैलेगा इधर-उधर


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को उत्तर पश्चिम क्षेत्र के वार्ड नंबर-53 के प्रशांत विहार में स्थित सफेदवाला पार्क में दो कॉम्पेक्टर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निगम लगातार कार्यरत हैं और आज इसी कड़ी में इन दो कॉम्पेक्टर का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि कॉम्पेक्टर लगने से प्रशांत विहार, रोहिणी सेक्टर-9 और 13 इत्यादि इलाकों का कूड़ा इधर उधर नहीं फैलेगा बल्कि कॉम्पेक्टर मशीन की सहायता से इसे कॉम्पैक्ट करके सीधा ढलाव पर भेजा जा सकेगा।

महापौर ने कहा कि अनेक स्थानों से गारबेज वल्नरेबल पॉइंट्स को हटाया जा रहा है और दिल्ली स्वच्छता की ओर बढ़ रही है। प्रत्येक क्षेत्रीय उपायुक्त एवं स्वच्छता निरीक्षकों को सख्त हिदायत दी गई है कि कहीं भी कूड़ा न फैले और दीवाली के अंतर्गत स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें।

वाही ने दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील की कि स्त्रोत पर ही कूड़े को पृथक करें और सभी इस मुहिम से जुड़े। निगम सभी आरडब्लूए, एनजीओ एवं नागरिकों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा डस्टबिन भी वितरित किए जा रहे हैं तथा गीले कूड़े से कंपोस्ट बनाने के लिए हाउसिंग सोसाइटियों में एरोबिन भी लगाए गए हैं।

महापौर ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त दिल्ली का संकल्प तभी साकार होगा, जब जनप्रतिनिधि,अधिकारी,सफाई कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story