महापौर ने बेगमपुर स्थित वाल्मीकि कैंप में ‘हर घर नल योजना’ का किया लोकार्पण
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय के साथ मालवीय नगर के बेगमपुर स्थित वाल्मीकि कैंप में ‘हर घर नल योजना’ का लोकार्पण किया। इस योजना के अंतर्गत वाल्मीकि कैंप के 216 घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से जल की सुविधा पहुंचाना है।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रत्येक परिवार को स्वच्छ एवं सुगम पेयजल उपलब्ध कराना नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वाल्मीकि कैंप के 216 घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की यह पहल स्थानीय निवासियों को पेयजल की सुविधा प्रदान करने में सहायक होगी।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और दिल्ली सरकार के नेतृत्व में दिल्ली के प्रत्येक नागरिक तक आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं सुलभ हों और उन्हें बेहतर जीवन स्तर का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर नल योजना’ जैसी पहलें नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वाल्मीकि कैंप के परिवारों को नल कनेक्शन मिलने से उनके दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी तथा घरों तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद लीना कुमारी, दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

