महापौर ने हिंदू राव अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं आधुनिक उपकरणों का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने हिंदू राव अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं आधुनिक उपकरणों का किया लोकार्पण


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के हिंदू राव अस्पताल ने सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना एवं उन्नत उपचार सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही वर्ष 2001 में प्रारंभ हुए डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी) कार्यक्रम की शैक्षणिक उत्कृष्टता के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही रहें और स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा के साथ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहें।

इस अवसर पर अस्पताल में उन्नत कैजुअल्टी (आपातकालीन) विभाग, धर्मशाला एवं फिजियोथेरेपी ब्लॉक, इंटीग्रेटेड ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर, नेत्र रोग विभाग में स्थापित अत्याधुनिक उपकरण, आधुनिक 4के लैप्रोस्कोपी सिस्टम, सी-आर्म मशीन सहित अनेक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें से कुछ सुविधाओं एवं उपकरणों का भौतिक रूप से उद्घाटन किया गया, जबकि कुछ का ई-लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी), विजुअल फील्ड एनालाइजर, फंडस कैमरा, फेको इमल्सिफिकेशन मशीन, नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमीटर, क्रायोएब्लेटर, एडवांस 4के लैप्रोस्कोप, न्यूमेटिक लिथोट्रिप्टर, पीडियाट्रिक स्पाइरोमीटर, सीटीजी, अत्याधुनिक लेबर रूम तथा फिजियोथेरेपी विभाग में आधुनिक जिम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं से मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान के बाद सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। हिंदू राव अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक मशीनें इस बात का प्रमाण हैं कि दिल्ली नगर निगम के अस्पताल अब निजी अस्पतालों के समकक्ष खड़े हैं और वही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं।

महापौर ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग से निगम अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार और आधुनिकीकरण हो रहा है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि उत्कृष्ट उपचार के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील, आत्मीय एवं सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित करें।

स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि हिंदू राव अस्पताल निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यहां के चिकित्सकों की विशेषज्ञता, आधुनिक मशीनें एवं सुदृढ़ आधारभूत ढांचा हजारों मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि नई सुविधाओं से मरीजों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल के निरंतर आधुनिकीकरण में निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, निगम प्रशासन तथा विशेष रूप से इंजीनियरिंग विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिंदू राव अस्पताल भविष्य में भी आधुनिक चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

इस अवसर पर उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, चिकित्सा सहायता एवं जन-स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चड्ढा, सिटी एसपी जोन की अध्यक्षा उषा शर्मा, पार्षद विकास टांक, पार्षद राजपाल राणा, निगमायुक्त संजीव खिरवार तथा अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2001 में प्रारंभ हुए डीएनबी कार्यक्रम ने हिंदू राव अस्पताल को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान प्रदान की। महज 8 विशेषज्ञताओं में 21 डीएनबी सीटों से शुरू हुई यह यात्रा आज 10 विशेषज्ञताओं में 51 मान्यता प्राप्त डीएनबी सीटों तक पहुंच चुकी है। अस्पताल में वर्तमान में 71 अनुभवी फैकल्टी सदस्य चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण का दायित्व निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story