महापौर ने 176 नए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने 176 नए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को नगर निगम के मुख्यालय, सिविक सेंटर से दक्षिण क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण एवं कचरा परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से 176 नए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दक्षिण क्षेत्र में 176 नए स्वच्छता वाहनों की तैनाती दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निगम स्वच्छता संसाधन बढ़ाने और सफाई के कार्य में निरंतर व तीव्र गति से कार्य कर रहे हैं।

महापौर ने कहा कि इन स्वच्छता वाहनों की तैनाती दक्षिण क्षेत्र के पांच वार्डों वसंत विहार, वसंत कुंज, ग्रीन पार्क, ग्रेटर कैलाश और सी.आर. पार्क में की जा रही है। इनमें 150 प्राथमिक कचरा संग्रहण वाहन शामिल हैं, जिनमें 112 टिपर तथा 38 ई-रिक्शा एवं थ्री-व्हीलर हैं। इन वाहनों के माध्यम से घर-घर जाकर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 26 द्वितीयक वाहन रिफ्यूज कलेक्टर, हुक लोडर, टाटा-407, जेसीबी और बॉबकैट कचरे के परिवहन, उठान और प्रबंधन की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

महापौर ने कहा कि वर्तमान में इन वार्डों में प्रत्येक वार्ड के लिए औसतन लगभग 10 प्राथमिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध हैं। नए वाहनों की तैनाती के बाद यह संख्या बढ़कर लगभग 30 वाहन प्रति वार्ड हो जाएगी। इससे घर-घर कचरा संग्रहण की आवृत्ति और कवरेज में उल्लेखनीय सुधार होने के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या को रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन वाहनों की तैनाती से संबंधित वार्डों में कचरा संग्रहण क्षमता लगभग 2.5 गुना तक बढ़ेगी।

महापौर ने कहा कि एमसीडी का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में प्राथमिक कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या में वृद्धि से न केवल कवरेज बेहतर होगा, बल्कि कचरा संग्रहण की आवृत्ति भी बढ़ेगी। महापौर ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में निगम के साथ-साथ नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी नागरिकों से कचरे का उचित पृथक्करण एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कचरा सौंपने की अपील की।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्वच्छता और कचरा प्रबंधन एमसीडी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। दक्षिण क्षेत्र के पांच महत्वपूर्ण वार्डों में आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल वाहनों की तैनाती से जमीनी स्तर पर स्वच्छता सेवाओं की कार्यक्षमता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक और द्वितीयक वाहनों की उपलब्धता बढ़ने से कचरे के संग्रहण से लेकर परिवहन तक की पूरी व्यवस्था अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर, नियमित और जवाबदेह स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर उप महापौर, डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष, सत्या शर्मा, नेता सदन, जय भगवान यादव, स्थायी समिति उपाध्यक्ष, सत्यपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष, धर्मवीर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, ममता, निगमायुक्त संजीव खिरवार, रैनविओन कंपनी के प्रतिनिध, मनोज सोनी तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story