महापौर ने उत्तरी क्षेत्र में 35 ऑटो टिप्पर को हरी झंडी दिखाकर सफाई बेड़े में किया शामिल

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने उत्तरी क्षेत्र में 35 ऑटो टिप्पर को हरी झंडी दिखाकर सफाई बेड़े में किया शामिल


महापौर ने उत्तरी क्षेत्र में 35 ऑटो टिप्पर को हरी झंडी दिखाकर सफाई बेड़े में किया शामिल


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु उत्तरी क्षेत्र के स्वच्छता बेड़े में शुक्रवार 35 इलेक्ट्रिक ऑटो टिप्पर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली की सफाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर निगम के स्वच्छता बेड़े में शामिल किया। प्रवेश वाही ने कहा कि अब तक में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए उत्तर पश्चिम, बाहरी उत्तर, केंद्रीय उत्तर, पूर्व एवं उत्तर पूर्व क्षेत्र में अतिरिक्त वाहनों को शामिल कर चुके हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की स्वच्छता से संबंधित कार्य की निगरानी सीधे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के स्तर पर की जा रही और इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ रखना दिल्ली नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसी कड़ी में निगम के सभी क्षेत्रों में अतिरिक्त संसाधन मुहैय्या कराए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि खराब मौसम हमारे कर्तव्यों के निर्वहन के बीच में बाधा नहीं बन सकता और हर परिस्थिति में दिल्ली नगर निगम दिल्लीवासियों की सेवा में तत्पर है। उन्होंने कहा कि यह गाड़ियां प्रत्येक वार्ड के हर घर से कूड़ा एकत्रित करके स्वच्छ दिल्ली के संकल्प की पूर्ति में सहायक सिद्ध होंगी।

महापौर ने कहा कि यह ऑटो टिप्पर उत्तरी क्षेत्र के सभी वार्डों में घर से कूड़ा उठाने के कार्य को और सुचारू रूप से करेंगे। वाही ने कहा कि ऑटो टिप्पर की निगरानी के लिए इनमें जीपीएस की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना काफी जिम्मेदारी का कार्य है और दिल्ली नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस कार्य को कर रहा है। महापौर ने कहा कि क्षेत्र में जहां कहीं भी कॉम्पेक्टर लगाने की आवश्यकता है वहां जल्द से जल्द कॉम्पेक्टर लगाए जाए। उन्होंने उपायुक्त से कहा कि इस संदर्भ में अगर किसी भी चीज की आवश्यकता है तो हमें बताएं हम तुरंत इसकी पूर्ति करेंगे।

महापौर ने कहा कि दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ रखना हम सब की जिम्मेदारी है और उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि घर से निकलने वाले कूड़े को चार जगह पृथक किया जाए ताकि उसका स्त्रोत पर ही निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि हम इस प्रकार के छोटे छोटे कार्य करके दिल्ली नगर निगम की सहायता कर सकते हैं ताकि लैंडफिल साइटों पर कम कूड़ा जाए।

इस अवसर पर उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष गुलाब सिंह , उपाध्यक्ष संजय त्यागी, मनोनीत सदस्य राजपाल राणा, उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह सहित दिल्ली नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story