महापौर ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को दिखाई हरी झंडी


महापौर ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को दिखाई हरी झंडी


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ (एमटीटी) ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत की।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026 दिल्ली नगर निगम और उत्तर रेलवे की संयुक्त एवं सुनियोजित वेक्टर नियंत्रण मुहिम है। इस अभियान से पहले दिल्ली नगर निगम द्वारा रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की गई तथा संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान की गई। अब इसी अभियान के अगले चरण में चिन्हित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-लार्वल दवाइयों का व्यापक छिड़काव किया जा रहा है।

महापौर ने बताया कि मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026 के पहले चरण में लगभग 75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक एवं उससे सटे क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। रेलवे पटरियों के दोनों ओर स्थित निचले क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों और संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर विशेष रूप से एंटी-लार्वल दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए पावर स्प्रे टैंकरों को ट्रेन के साथ संचालित किया जाएगा, ताकि उन स्थानों तक भी प्रभावी ढंग से दवा पहुंचाई जा सके जहां सामान्य रूप से मैन्युअल रूप से पहुंचना कठिन होता है।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास और निचले क्षेत्रों में पानी जमा होने से मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में मच्छरों के प्रजनन चक्र को शुरुआती स्तर पर ही तोड़ना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के माध्यम से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ दिल्ली नगर निगम की रोकथाम एवं नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि अभियान को केवल एक निर्धारित रूट तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण रेलवे मार्गों को कवर किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नई दिल्ली से राठधाना, आदर्श नगर-बादली, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, सफदरजंग, किशनगंज, सदर बाजार, दिल्ली कैंट, पालम-गुड़गांव, फरीदाबाद, ओखला-तुगलकाबाद सहित विभिन्न रेलवे रूटों पर एंटी-लार्वल गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान सितंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा और दिल्ली नगर निगम तथा उत्तर रेलवे की टीमें आपसी समन्वय से विभिन्न रेलवे क्षेत्रों में मच्छर नियंत्रण गतिविधियों को अंजाम देंगी। संबंधित जोनल टीमें एवं स्वास्थ्य अधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे, जबकि प्रत्येक ट्रिप के दौरान पावर स्प्रे टैंकरों, पानी एवं आवश्यक इंसैक्टिसाइड एवं लार्विसाइड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रवेश वाही ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित जोन के सहायक मलेरिया अधिकारी एवं मलेरिया अधीक्षक द्वारा प्रत्येक ट्रिप के लिए पावर स्प्रे टैंकर, चालक, पानी एवं आवश्यक इंसैक्टिसाइड एवं लार्विसाइड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित जोनल उपस्वास्थ्य अधिकारी एवं एपिडेमियोलॉजिस्ट अभियान की निगरानी करेंगे तथा उत्तर रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल निगम की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। उन्होंने कहा कि घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने देना, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करना तथा संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों को समाप्त करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अधिकारी अशोक रावत तथा दिल्ली नगर निगम एवं उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story