महापौर ने सांसद प्रवीण खंडेलवाल के साथ केशवपुरम जोन के लिए 75 अतिरिक्त स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने सांसद प्रवीण खंडेलवाल के साथ केशवपुरम जोन के लिए 75 अतिरिक्त स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में स्वच्छता अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को रानी झांसी स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में केशवपुरम जोन के लिए 75 अतिरिक्त स्वच्छता वाहनों एवं मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महापौर के साथ सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इन अतिरिक्त स्वच्छता संसाधनों के शामिल होने से एमसीडी के स्वच्छता बेड़े को और मजबूती मिलेगी तथा पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

महापौर ने बताया कि केशवपुरम जोन में कुल 75 नए स्वच्छता वाहन एवं मशीनें शामिल की गई हैं, जिनमें 30 लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी), 8 हाइवा ट्रक, 4 जेसीबी मशीनें, 30 थ्री-व्हीलर तथा 3 जेटिंग मशीनें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक संसाधनों से कचरा संग्रहण, परिवहन, नालों की सफाई तथा अन्य स्वच्छता संबंधी कार्यों में गति आएगी और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित एवं सतत विकसित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सभी पार्षद इस कार्य में मिशन मोड़ में जुटे हुयें हैं। उन्होंने कहा कि एमसीडी के सभी जोनों में योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से स्वच्छता संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि निगम की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

वाही ने कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान एमसीडी के स्वच्छता बेड़े में अनेक आधुनिक एवं अत्याधुनिक मशीनों को शामिल किया गया है, जिससे कार्यकुशलता बढ़ाने तथा पूरे शहर में स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में एमसीडी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में एमसीडी का सहयोग करें तथा राजधानी को स्वच्छ एवं हरित बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदार बनें।

इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि आज शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक स्वच्छता मशीनों का शामिल किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन मशीनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, ताकि स्वच्छता के स्तर में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।

खंडेलवाल ने कहा कि दिल्लीवासी राजधानी में हो रहे सकारात्मक बदलाव को प्रत्यक्ष रूप से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को केंद्र सरकार तथा दिल्ली सरकार दोनों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप राजधानी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही स्थायी स्वच्छता की कुंजी है तथा सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के निर्माण में दिल्ली नगर निगम के प्रयासों को अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, केशवपुरम जोन के अध्यक्ष विकेश सेठी, जोन के उपाध्यक्ष अजय रवि हंस, केशवपुरम जोन के पार्षद विनीत वोहरा, वीना असीजा, ज्योति अग्रवाल, जोन के उपायुक्त मोहित बंसल तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story