महापौर ने प्रशांत विहार में नागरिकों को कूड़े के पृथककरण के बारे में जागरूक कर 70 डस्टबिन किये वितरित

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने प्रशांत विहार में नागरिकों को कूड़े के पृथककरण के बारे में जागरूक कर 70 डस्टबिन किये वितरित


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को उत्तर पश्चिम क्षेत्र के प्रशांत विहार में नागरिकों के घर जाकर उन्हें कूड़े के पृथककरण के बारे में जागरूक किया। इस दौरान लगभग 70 डिस्टबिन वितरित किए।

महापौर प्रवेश वाही ने डिस्टबिन वितरित करते हुए घर के कूड़े को पृथक करने वाले नागरिकों की सराहना की और कहा कि अगर प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे तो दिल्ली बहुत जल्द ही साफ, स्वच्छ एवं सुन्दर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रत्येक क्षेत्र के हर घर में किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि घर से निकलने वाला गीला कूड़ा हरे डस्टबिन में और सूखा कूड़ा नीले डस्टबिन में डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार कूड़े का स्रोत पर ही पृथककरण करने से कूड़े के पुनर्चक्रण में आसानी होती है और कूड़ा निस्तारण के लिए लैंडफिल साइटों पर नहीं भेजना पड़ता और नागरिकों को कूड़े के पुनर्चक्रण के चार आर के बारे में भी जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त दिल्ली का संकल्प तभी साकार होगा, जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सफाई कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर आर डब्लू ए के पदाधिकारी, भाजपा मंडल के कार्यकर्ता एवं दिल्ली नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story