महापौर ने आम आदमी पार्टी के बयानों को बताया झूठा और आधारहीन

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने आम आदमी पार्टी के बयानों को बताया झूठा और आधारहीन


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग द्वारा एमसीडी के 48 स्कूलों को बंद करके उसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाने के आरोपों को झूठा और आधारहीन बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) ने हमेशा ही झूठ फैलाने का काम किया है।

महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता अंकुश नारंग के बयानों की निंदा करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार या नगर निगम किसी भी सरकारी स्कूल को आयुष्मान आरोग्य मंदिर नहीं बना रही और ना ही किसी स्कूल को एक साथ मिला रही है।

उन्होंने कहा कि आआपा जिन स्कूलों की बात कर रही है वह काफी समय से खाली थे या फिर वह बिल्डिंग जर्जर हालत में थी उन पर यह काम किया जाएगा, न की किसी भी चलते हुए स्कूल को बंद कर के आरोग्य मंदिर बनाया जाएगा।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि सभी बच्चों को प्राथमिक शिक्षा दी जाए तो एमसीडी किसी भी स्कूल को क्यों आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलेगी।

शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अंकुश नारंग के आरोपो को झूठ और आधारहीन बताया। उन्होंने कहा कि आआपा का काम है कि वह झूठ की राजनीति करती है।

योगेश सिंह ने कहा कि आआपा को शिक्षा और बच्चों के साथ ऐसा मजाक नहीं करना चाहिए क्योंकि दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं और दिल्ली की जनता को जिस प्रकार की शिक्षा देना चाहते हैं उसी प्रकार से स्वस्थ रखने का काम भी करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम ने खाली जमीनों पर ही आरोग्य मंदिर बनाने का काम किया है।

वर्मा ने कहा कि एमसीडी ने आआपा की तरह दिल्ली की सड़कों का उपयोग करके जनता को परेशान करने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आआपा की तरह सिर्फ फोटो खिंचवाने का काम नहीं करती। मोहल्ला क्लिनिक में कभी भी कोई स्वास्थ कर्मी नही रहें, लेकिन दिल्ली सरकार के साथ मिलकर के निगम दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ सेवाएं देने के लिए दिन रात कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story