मालवीय नगर होटल अग्निकांड पर कार्रवाई के निर्देश, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगाः आशीष सूद
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह फ्लोरिश स्टे बीएंडबी रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। इसमें कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद और विधायक सतीश उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मंत्री आशीष सूद ने कहा कि आग से इमारत पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इमारत के पास वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) था या नहीं, होटल और रेस्तरां संचालन की अनुमति ली गई थी या नहीं तथा बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएनबी) के रूप में संचालित किए जा रहे कमरों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त थीं या नहीं।
आशीष सूद ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार इमारत मालिक और किसी भी प्रकार की लापरवाही में शामिल लोगों की पहचान पुलिस जांच के माध्यम से की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में जांच के लिए पुलिस टीमों को पहले ही भेज दिया गया है।
आशीष सूद ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) की निगरानी में नगर निगम, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग और जल विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को पूरे क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा या नियामकीय मानकों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इमारत को बख्शा नहीं जाएगा और उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार यह जांच कर रही है कि इमारत को आवश्यक एनओसी प्राप्त थी या नहीं और बीएनबी संचालन के लिए सभी जरूरी अनुमति ली गई थीं या नहीं। किसी भी अवैध निर्माण और दोषी पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने मामले का संज्ञान लिया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।
साथ ही सांसद मनोज तिवारी ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल के रेस्तरां क्षेत्र में भीषण आग लगी थी। उन्होंने कहा कि 21 लोगों की मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार लगातार व्यवस्थागत कमियों को दूर करने और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

