आईजीएनसी में मैथिली भोजपुरी अकादमी व दिल्ली सरकार ने मैथिली नाटय साहित्य महोत्सव का किया आयोजन

WhatsApp Channel Join Now


आईजीएनसी में मैथिली भोजपुरी अकादमी व दिल्ली सरकार ने मैथिली नाटय साहित्य महोत्सव का किया आयोजन


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसी) और मैथिली भोजपुरी अकादमी दिल्ली सरकार के सहयोग से मैथिल पत्रकार ग्रुप की ओर से आईजीएनसी सभागार दिल्ली में 27—29 मार्च को आयोजित तीन दिवसीय मैथिली नाटय साहित्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आये नेताओं ने बिहार में हर साल आने वाली बाढ़, दरभंगा बिहार में बनने वाले दूसरे एम्स में देरी को लेकर चिंता जाहिर की।

इनका कहना था कि केंद्र, बिहार सरकार को इस पर मिलकर कार्य करना होगा। बाढ़ रोकने के लिए नेपाल, भारत सरकार के साथ ही बिहार सरकार की सहभागिता वाली एक त्रिपक्षीय समिति बनानी होगी। इस तरह की एक समिति दशकों से कागजों में नेपाल में चल रही है। लेकिन जमीन पर उसका कोई कार्य नहीं हुआ।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के विधायक ऋतुराज झा, संजीव झा, दरभंगा के सांसद गोपाल ठाकुर, बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री संजय झा, मैथिली भोजपुरी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष नीरज पाठक, नेशनल स्कूल आफॅ ड्रामा के निदेशक रमेश चंद्र गौड़, कांग्रेस के सचिव प्रणव झा, भाजपा किसान मोर्चा के मनोज यादव और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह—प्रभारी संजय मयूक ने बिहार—मिथिलांचल के विकास और वर्तमान हालात पर अपने विचार रखे।

वहीं इस अवसर पर रौशन कुमार लिखित दो नाटकों बौकी व बिजोह का मंचन भी किया गया।

वहीं कार्यक्रम में बिहार- मिथिलांचल के विकास को लेकर एक संगोष्ठी भी की गई। जिसमें प्रियंरजन, प्रभाष झा, ऋतेश पाठक, सुजीत ठाकुर, ईश्वर नाथ, राकेश कुमार, मनोज मिश्र जैसे वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने विचार रखे। इसका संचालन वरिष्ठ पत्रकार डा. रहम्मतुल्ला ने किया। इस अवसर पर नवभारत टाइम्स के संपादक सुधीर मिश्र की लघु फिल्म गूलर का फूल का विशेष प्रीमियर भी किया गया।

बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार सरकार व नेपाल सरकार को साथ लेकर हर साल आने वाली बाढ़ पर प्रभावी रोक के लिए एक प्राधिकरण बनाने की जरूरत है। इसका निश्चित कार्यकाल हो। यहां की नदियों में बड़े बांध बनाने चाहिए, जिससे बाढ़ रूके।

इस कार्यक्रम के दौरान मैलोरंग, मैथिली लोक रंग नाटय समूह ने प्रस्तुति दी। इसके कलाकारों ने अपने नाटकों, गजल, गीत और संगीत से दर्शकों को तीन दिन तक बांधे रखा। इस कार्यक्रम का निर्देशन प्रकाश झा ने किया। जबकि कार्यक्रम में उनकी सहायता बृजेंद्र नाथ, संजीव सिन्हा, अजीत, विदयानाथ झा, रौशन कुमार, दीपक कुमार झा, भवेश नंदन, अजय पासवान, राखी कुमारी, प्रतिभा ज्योति, मदन झा, प्रमोद कुमार झा और गुडडू जी ने किया। मैथिल पत्रकार ग्रुप के अध्यक्ष संतोष ठाकुर ने इस अवसर पर सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस समूह का एकमात्र उददेश्य है कि वह राजनीति से अलग हटकर बिहार और मिथिलांचल के विकास के लिए प्रबुद्ध और प्रभावी लोगों को एक मंच पर लाए।

जिससे एक सामूहिक निर्णय का निर्माण कर बिहार और मिथिलांचल के विकास को गति देने में सहयोग हासिल किया जा सके।

यही वजह है कि हमारे कार्यक्रम में हम हर दल के नेता,प्रतिनिधि को आमंत्रित करते हैं। इसकी वजह यह है कि यही नीति निर्माता मिलकर बिहार का विकास कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

Share this story