हौज खास में भगवान जगन्नाथ की 48वीं वार्षिक रथ यात्रा में शामिल हुए उपराज्यपाल संधू

WhatsApp Channel Join Now
हौज खास में भगवान जगन्नाथ की 48वीं वार्षिक रथ यात्रा में शामिल हुए उपराज्यपाल संधू


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू गुरुवार को हौज खास स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की 48वीं वार्षिक रथ यात्रा में शामिल हुए। इस मौक सांसद बासुंरी स्वराज, विधायक सतीश उपाध्याय, धर्म गुरु और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के आयोजकों को इस पवित्र परंपरा को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह परंपरा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का एक शाश्वत प्रतीक है, जो भक्ति, विनम्रता और निस्वार्थ सेवा जैसे स्थायी मूल्यों से पीढ़ियों को प्रेरित करती है।

उपराज्यपाल ने कहा कि वार्षिक रथ यात्रा, जिसमें भगवान जगन्नाथ हर भक्त को आशीर्वाद देने के लिए बाहर आते हैं, सनातन धर्म की समावेशी भावना को खूबसूरती से दर्शाती है। यह हमें याद दिलाती है कि ईश्वरीय कृपा सभी बाधाओं से परे है। उन्होंने कहा कि 'छेरा पहरा' की सम्मानित परंपरा, जिसमें शासक भी विनम्रतापूर्वक भगवान के सामने मार्ग की सफाई करते हैं, सेवा, विनम्रता और ईश्वर के समक्ष समानता के सर्वोच्च आदर्शों को साकार करती है।

उपराज्यपाल ने इस शुभ अवसर पर दिल्ली के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की।

सांसद बासुंरी स्वराज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कि महाप्रभु जगन्नाथ की दिव्य रथ यात्रा भारतीय सनातन संस्कृति,आस्था और अध्यात्म की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह महापर्व हमें विनम्रता, सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। सदियों से यह दिव्य परंपरा करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति का संचार करते हुए सम्पूर्ण मानवता को एकता और सद्भाव के सूत्र में पिरोने की प्रेरणा देती आई है।

विधायक सतीश उपाध्याय ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा आज हौज खास में भगवान जगन्नाथ की 48वीं पावन रथ यात्रा में सम्मिलित हुआ। महाप्रभु के पावन दर्शन कर समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर बाल श्रद्धालु वरुण एवं सुप्रिया ने रथ यात्रा की सुंदर प्रतिकृति भेंट कर अपना स्नेह एवं श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान जगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष रवि प्रधान सहित अनेक स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story