लोकतंत्र तभी फल-फूल सकता है, जब नागरिक जागरूक रहें : विजेंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र तभी फल-फूल सकता है, जब नागरिक जागरूक रहें : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र तभी फल-फूल सकता है, जब नागरिक जागरूक रहें, लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान हो और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की जाए। लोकतंत्र की सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, सहभागिता और प्रतिबद्धता आवश्यक है। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित सेक्टर-8 के अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जन-जागरूकता गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

इस गोष्ठी का आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा जिम्मेदार नागरिकता के सिद्धांतों को बनाए रखने के महत्व के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों के विश्वास और उनकी सक्रिय भागीदारी में निहित है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान तथा जवाबदेही, पारदर्शिता और कानून के शासन के सिद्धांतों के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को संचालित करने के महत्व पर बल दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन की एक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह जनता की सामूहिक इच्छा और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि सुशासन सुनिश्चित करने और संविधान की भावना को बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना, रचनात्मक जन-संवाद को प्रोत्साहित करना तथा विघटनकारी प्रवृत्तियों को अस्वीकार करना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस गोष्ठी में दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही तथा निगम पार्षद रीता गोयल और स्मिता कौशिक सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं ने भी भाग लिया।

गोष्ठी में लोकतांत्रिक जागरूकता, जनभागीदारी तथा भारतीय लोकतंत्र के मूल्यों और संस्थाओं के संरक्षण में सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story