उपराज्यपाल ने द्वारका में चल रही डीडीए परियोजनाओं की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
उपराज्यपाल ने द्वारका में चल रही डीडीए परियोजनाओं की समीक्षा की


उपराज्यपाल ने द्वारका में चल रही डीडीए परियोजनाओं की समीक्षा की


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को द्वारका में चल रही दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र के दौरे के दौरान द्वारका में आयोजनों, व्यापार और संस्कृति के लिए एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित होने की अपार क्षमता को रेखांकित किया। यह जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट एक्स ‘लोक निवास दिल्ली’ पर साझा की गई है।

उपराज्यपाल ने दौरे के दौरान क्षेत्रों में बारिश के पानी की निकासी, हरित स्थानों के विस्तार, यूईआर-II के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी इनेबल्ड सर्विसेज (आईटीईएस) केंद्रों के विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यशोभूमि और गोल्फ कोर्स जैसी ऐतिहासिक संपत्तियों को विश्व स्तरीय शहरी अवसंरचना के आधार के रूप में उजागर किया गया।

उपराज्यपाल ने द्वारका की रणनीतिक कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहे पारिस्थितिकी तंत्र पर जोर दिया। उन्होंने दिल्ली में वैश्विक संस्थानों, सम्मेलनों, प्रदर्शनियों और उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को आकर्षित करने के लिए एक समग्र और समयबद्ध रोडमैप का आह्वान किया। इसके साथ ही नागरिक-केंद्रित, उच्च गुणवत्ता और टिकाऊ शहरी विकास सुनिश्चित करने भी बल दिया।

उपराज्यपाल ने दौरे के दौरान अप्रत्याशित रूप से मेट्रो सफर को छोड़कर एक स्थानीय भोजनालय में पहुंचे और आर्मी कप में घुड़सवारी पदक जीतने के बाद जश्न मना रहे छोटे बच्चों के साथ भोजन किया। उपराज्यपाल ने बच्चों से बातचीत करते हुए राजधानी को लेकर उनकी आकांक्षाओं को सुना और उन्हें स्वस्थ रहने और अच्छा भोजन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story