पुलिस, नागरिक प्रशासन के साथ अग्निशमन बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद, राहत और बचाव कार्य जारीः उपराज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस, नागरिक प्रशासन के साथ अग्निशमन बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद, राहत और बचाव कार्य जारीः उपराज्यपाल


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने बुधवार को मालवीय नगर में आग लगने की घटना पर दुख जताया।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की साथ ही घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस, नागरिक प्रशासन और अग्निशमन बचाव दल इस समय घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों से बात कर उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दुखद घटना के पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सहायता और राहत सुनिश्चित करें, साथ ही घटना की गहन जांच करवाएं।

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस घटना पर कहा कि दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है। राहत, उपचार और अन्य आवश्यक सहायता प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दुख जताते हुए घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली सरकार के सभी संबंधित विभागों एवं आपातकालीन एजेंसियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। प्रशासन लगातार प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटा हुआ है तथा हर आवश्यक मदद सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन एवं राहत-बचाव दल प्रभावित लोगों की सहायता और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली कांग्रेस के सभी साथियों से अपील है प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।

सांसद बांसुरी स्वराज ने घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में जुटी पुलिस, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमों का प्रयास ज़ारी है।

साथ ही सांसद कमलजीत सहरावत, सांसद प्रवीण खंडेलवाल और राज्यसभा सदस्य स्वाती मालीवाल समेत प्रदेश के विधायको ने भी दुख जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story