उपराज्यपाल बोंटा पार्क रिज और कमला नेहरू रिज में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
उपराज्यपाल बोंटा पार्क रिज और कमला नेहरू रिज में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान में हुए शामिल


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा बोंटा पार्क रिज और कमला नेहरू रिज में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और डीडीए को ऐसे अभियान नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि बोंटा पार्क रिज में आयोजित मेगा प्लांटेशन ड्राइव के साथ-साथ शुक्रवार को दिल्ली के 76 अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के वृक्षारोपण अभियान चलाए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत युवाओं, पर्यावरणविदों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के सहयोग से एक लाख से अधिक पौधे लगाए गए।

उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध और टिकाऊ दिल्ली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने डीडीए अधिकारियों से वृक्षारोपण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की अपील की।

साथ ही कमला नेहरू रिज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने दिल्ली के रिज जंगलों के पारिस्थितिक संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और प्रकृति से जुड़ा एक सार्थक जनआंदोलन है। उन्होंने बच्चों और स्थानीय आरडब्ल्यूए की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि डीडीए दिल्ली के विभिन्न पार्कों में लगभग एक लाख पेड़ लगाएगा।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने लूप ट्रेल के किनारे लगाए गए देशी पौधों का अवलोकन किया। उन्होंने पुनर्जीवित झील, तितली संरक्षण स्थल और जल संरक्षण क्षेत्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं रिज क्षेत्र में पुनर्स्थापित वन पारिस्थितिकी तंत्र और प्रकृति के पुनर्जीवन के सशक्त प्रतीक हैं।

उपराज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए दिल्ली की इस अमूल्य हरित विरासत के संरक्षण और संवर्धन के प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story