उपराज्यपाल ने ब्रिगेडियर से की बातचीत, हमले की घटना पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
उपराज्यपाल ने ब्रिगेडियर से की बातचीत, हमले की घटना पर जताई चिंता


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्पाल तरनजीत सिंह संधु ने आज ब्रिगेडियर पीएस अरोड़ा से बातचीत की और पूरे मामले पर पुलिस को उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा दिए जाने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने 11 अप्रैल की रात वसंत एन्क्लेव में सेवारत ब्रिगेडियर, उनकी पत्नी और उनके पुत्र (आईआईटी दिल्ली स्नातक) पर हुए हमले की घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी।

उपराज्यपाल ने इस मामले में पुलिस आयुक्त और डीसीपी से बात करके दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ब्रिगेडियर के परिवार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के भी पुलिस को निर्देश दिए हैं। उन्होंने ने कहा कि हम अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून के शासन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उल्लेखनीय है कि 11 अप्रैल की रात करीब 10 बजे ब्रिगेडियर अपने घर के पास मौजूद थे, तभी उन्होंने एक कार में दो लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते देखा। उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद उन लोगों ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 7-8 लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने मिलकर ब्रिगेडियर के बेटे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने ब्रिगेडियर के साथ भी धक्का-मुक्की की। हमले में बेटे को गंभीर चोटें आईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story