उपराज्यपाल कमला नगर में 21वें जगन्नाथ रथ यात्रा में हुए शामिल
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू रविवार को कमला नगर में श्री गीता भवन पंचायती धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा आयोजित 21वें जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा और आरती की।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली की असली ताकत उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विविधता में है, जहां भारत के हर कोने की परंपराओं को अपना घर मिलता है और उन्हें समान सम्मान के साथ मनाया जाता है। ऐसे आयोजन एकता, सद्भाव और हमारी साझा सभ्यतागत विरासत की भावना को खूबसूरती से दर्शाते हैं, जो हमारी राजधानी के लोगों को एक साथ जोड़ती है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी के लिए शांति, खुशी, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

