मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर किया दो विशेष गीतों का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर किया दो विशेष गीतों का शुभारंभ


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शुरू ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत दिल्ली सरकार की ओर से गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में दो विशेष गीतों का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन गीतों को लॉन्च किया। इन गीतों को स्कूली बच्चों ने उत्साह से गाया। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों का साथ दिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद सहित दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा तैयार किए गए शुभकामना कार्ड भी मुख्यमंत्री को भेंट किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों द्वारा तैयार किए गए विशेष गीतों का शुभारंभ करना उनके लिए अत्यंत खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने स्वयं अपनी मधुर आवाज़ में गीत प्रस्तुत किए हैं और उनकी रचनात्मकता व भावनाओं को संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। बच्चों ने इन गीतों के जरिए प्रधानमंत्री के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और जन्मदिवस की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री ने इन विशेष गीतों को तैयार करने वाले दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों, शिक्षा विभाग और संबंधित शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, संवेदनशीलता और रचनात्मकता को इस पहल के माध्यम से एक सार्थक मंच मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर दिल्ली के बच्चों की ओर से तैयार की गई यह संगीतात्मक शुभकामना उनके प्रति बच्चों के स्नेह और सम्मान की सुंदर अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उनके इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story