रेखा गुप्ता ने 'सीएम जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल ऐप' का किया शुभांरभ
-इंडियन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एआई समिट में विरोध प्रदर्शन को मुख्यमंत्री ने बताया शर्मनाक
नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय से ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल ऐप’, ‘ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल’ को कॉमन सर्विस केंद्रों (सीएससी) से जोड़ने और नए ईडब्ल्यूएस/ डीजी/ सीडब्ल्यूएसएन पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि पहली बार दिल्ली में हमने जनसुनवाई के माध्यम से सरकार के द्वार जनता के लिए खोले। अब जनसुनवाई को डिजिटल बनाकर इसे और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट आशीष सूद, डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हर दिल्लीवासी अपने मोबाइल या पोर्टल के माध्यम से पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी समस्याओं की शिकायत सीधे दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आय, निवास, जाति, विवाह, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड सहित 75 सरकारी सेवाएं अब दिल्ली के 7,000 कॉमन सर्विस केंद्रों पर घर के पास ही मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस)/वंचित समूह (डीजी)/ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) पोर्टल’ से निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया और अधिक साफ, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी, जिससे बच्चों को सही और निष्पक्ष अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ऐसी विकसित दिल्ली बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जहां तकनीक के माध्यम से हर नागरिक को बेहतर और आसान सेवाएं मिलें।
मुख्यमंत्री ने इंडियन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एआई समिट में विरोध प्रदर्शन को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि यह देशद्रोही मानसिकता है। उन्होंने कहा कि देश में इतना बड़ा कार्यक्रम हो रहा है और कांग्रेस देश को कभी आगे बढ़ते नहीं देख सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

