शारदीय नवरात्रि पर सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने सपरिवार की कलश स्थापना, माँ शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने निवास स्थान पर सपरिवार विधि-विधान से कलश स्थापना कर शक्ति की देवी मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की तथा अखंड ज्योत प्रज्वलित की।
कैट ने जारी बयान में कहा कि इस अवसर पर खंडेलवाल ने माँ से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि बनाए रखने तथा देश में सकारात्मकता, सद्भाव और खुशहाली का संचार करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का पावन पर्व है, जो हमें शक्ति, श्रद्धा, संयम और आत्मबल का संदेश देता है। मां शैलपुत्री का स्वरूप दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दूसरे दिन मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाएगी, जो तपस्या, त्याग, धैर्य और संयम की प्रतीक हैं। मा की पूजा-आराधना करना हमें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
खंडेलवाल ने सभी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से प्रत्येक परिवार के कल्याण और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

