केजरीवाल ने डीसीपी को लिखा पत्र, हिरासत में लिए गए छात्रों की मांगी सूची

WhatsApp Channel Join Now
केजरीवाल ने डीसीपी को लिखा पत्र, हिरासत में लिए गए छात्रों की मांगी सूची


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा को पत्र लिखकर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बाद दर्ज की गई एफआईआर और हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की सूची तत्काल सार्वजनिक करने की मांग की।

अरविंद केजरीवाल ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन का दौरा किया और पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी मांग दोहराई। पत्र में उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में कथित विफलताओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाबदेही की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गई हैं।

केजरीवाल ने कहा कि इसे पहले सोमवार को प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किए गए छह छात्रों की जमानत कराई गई है और कहा कि जल्द ही 11 अन्य छात्रों को भी रिहा कराया जाएगा। उन्होंने छात्रों से मुलाकात कर उन्हें अपनी लड़ाई जारी रखने का संदेश दिया।

केजरीवाल ने मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन से बाहर आने के बाद कहा कि हिरासत में लिए गए छात्रों को भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं, लेकिन यह जानना जरूरी है कि उन्हें कहां रखा गया है और अदालत में कब पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोग लापता और गिरफ्तार छात्रों का पता लगाने तथा उनके परिवारों की सहायता करने में जुटी हुए है।

केजरीवाल ने कहा कि कुछ छात्रों को प्रदर्शन के दौरान चोटें आई हैं और कई अब भी जंतर-मंतर पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा वह छात्रों का प्रदर्शन था। छात्र हमारे देश का भविष्य हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story