गुरु पर्व पर केजरीवाल ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में माथा टेका

WhatsApp Channel Join Now
गुरु पर्व पर केजरीवाल ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में माथा टेका


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को गुरु पर्व पर गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। इस दौरान तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

इस अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी का पूरा जीवन मानवता के लिए एक संदेश है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में प्रेम, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। गुरु साहिब की शिक्षाएं कठिन परिस्थितियों में भी हमें सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। गुरु पर्व के अवसर पर सभी को 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों और उनके अनुयायियों को शुभकामनाएं भी दीं।

विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपनी दिव्य वाणी और शिक्षाओं के माध्यम से पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके बताए तीन सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना, ईश्वर का स्मरण करना तथा अपनी कमाई और खुशियों को दूसरों के साथ बांटना उनकी शिक्षाओं का मूल संदेश है।

उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता की सेवा, सभी धर्मों के सम्मान, जाति-पाति से ऊपर उठकर समानता और आपसी प्रेम का संदेश देती हैं। इन आदर्शों को अपनाकर ही सुखी और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story