केजरीवाल ने एमसीडी उपचुनाव के नतीजों को आआपा के लिए बताया सकारात्मक

WhatsApp Channel Join Now
केजरीवाल ने एमसीडी उपचुनाव के नतीजों को आआपा के लिए बताया सकारात्मक


नई दिल्ली, 03 दिसंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के घोषित नतीजों को अपनी पार्टी के लिए सकारात्मक बताया। उन्होंने आआपा पर भरोसा जताने के लिए जनता का आभार जताया।

केजरीवाल ने बुधवार को एक्स पोस्ट में कहा कि एमसीडी उपचुनाव में इस बार आआपा ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा और दिल्ली की जनता ने अपने जनादेश से ये साफ कर दिया है कि जनसमर्थन लगातार आआपा की तरफ मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 10 महीनों में ही जनता का विश्वास एक बार फिर तेजी से आआपा की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली बहुत जल्द वापस सकारात्मक राजनीति और अच्छे कामों की तरफ लौट रही है।

एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव में भाजपा ने सात और आआपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। पिछली बार इन 12 सीटों में से 9 पर भाजपा और 3 पर आआपा का कब्जा था, जबकि इस उपचुनाव में भाजपा सिर्फ सात सीटें ही जीत सकी। आआपा ने इस बार भी तीन सीटें जीती है। इनमें मुंडका से अनिल लाकड़ा, नारायणा से राजन अरोड़ा और दक्षिणपुरी से रामस्वरूप कनौजिया ने जीत हासिल की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story