केजरीवाल ने बिहार में छात्रों पर फायरिंग को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
केजरीवाल ने बिहार में छात्रों पर फायरिंग को लेकर केंद्र पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित एके-47 राइफल से फायरिंग की घटना को लेकर केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला।

केजरीवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा कि आखिर सरकार को क्या हो गया है? बिहार में छात्रों पर ऐके-47 से गोलियां चलाई गईं। क्या ये छात्र आतंकवादी हैं? उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में बिहार की धरती से नारा लगा था 'सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।' उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के सवालों को जवाब देना होगा।

आआपा के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने इस मामले में केंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई कथित घटना नहीं है, बल्कि वीडियो में छात्रों पर एके-47 राइफल से फायरिंग दिखाई दे रही है। संजय सिंह ने केंद्र और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सवाल करते हुए कहा कि क्या ये छात्र आतंकवादी हैं कि उन पर एके-47 राइफल चलाई जाएगी? उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में पहले छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज किया गया, जिसमें लगभग 500 छात्र घायल हुए। अब बिहार में छात्रों के खिलाफ एके-47 का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह किस तरह का शासन है?

---------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story