असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति पर केजरीवाल ने जताई चिंता, केंद्र से की स्थायी समाधान की मांग

WhatsApp Channel Join Now
असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति पर केजरीवाल ने जताई चिंता, केंद्र से की स्थायी समाधान की मांग


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरे देश को असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। इस संकट की घड़ी में हमें असम के लोगों के साथ खड़े रहना है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि असम में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को बार-बार ऐसी आपदा का सामना न करना पड़े।

अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और देशवासियों से असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता करने और राहत कार्यों में सहयोग देने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि, असम में हालिया बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें 75 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव जैसे ऊपरी असम के जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story