जनकपुरी ‘तिरंगा साइक्लोथॉन 2026’ में दो हजार निवासियों ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
जनकपुरी ‘तिरंगा साइक्लोथॉन 2026’ में दो हजार निवासियों ने लिया भाग


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनकपुरी के विधायक और दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी में आयोजित ‘तिरंगा साइक्लोथॉन 2026’ में प्रतिभागियों के साथ साइकिल चला कर भाग लिया।

साइकिल रैली सेंट मार्क्स स्कूल, जनकपुरी से शुरू होकर वहीं समाप्त हुआ। इस साइक्लोथॉन में 2,000 से अधिक साइकिलिस्टों ने तिरंगा हाथ में लेकर हिस्सा लिया और देशभक्ति, एकता एवं फिटनेस का शानदार संदेश दिया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज तिरंगे के साथ दिल्ली का सबसे बड़ा साइक्लोथॉन आयोजित किया जा रहा है। दो हजार से अधिक साइकिलिस्ट आज तिरंगा लेकर इस साइकिल रैली में हिस्सा लिए। तिरंगे के साथ एकजुट होकर साइकिल चलाते नागरिक देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि यह साइक्लोथॉन केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सक्रिय नागरिक भागीदारी का संदेश भी देता है। सरकार का प्रयास है कि दिल्ली को एक स्वस्थ, फिट और सक्रिय राजधानी बनाया जाए।

सूद ने बताया कि जनकपुरी की सड़कों पर लहराता तिरंगा राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का गौरवपूर्ण प्रतीक है।

सूद ने जनकपुरी के लोगों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जनकपुरी के निवासियों की इस साइक्लोथन की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन को एक यादगार समारोह बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story