जन कल्याण शिविरों में पहले दिन 15,186 लोग पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
जन कल्याण शिविरों में पहले दिन 15,186 लोग पहुंचे


जन कल्याण शिविरों में पहले दिन 15,186 लोग पहुंचे


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा 18 से 20 जून तक आयोजित किए जा रहे जन कल्याण शिविरों को राजधानी के नागरिकों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। शिविर के पहले दिन 18 जून को राजधानी के 42 कल्याण शिविरों पर कुल 15,186 नागरिकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और अपनी समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी प्राप्त की और आवश्यक प्रक्रियाओं में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जन कल्याण शिविरों के पहले ही दिन राजधानी के सभी क्षेत्रों में नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। 42 केंद्रों पर लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से संपर्क किया।

त्रिलोकपुरी स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय केंद्र पर सर्वाधिक 1,280 नागरिक पहुंचे, जबकि ईस्ट लोनी रोड केंद्र पर 874 तथा सावित्री नगर केंद्र पर 841 नागरिकों की उपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा नजफगढ़ स्टेडियम, गोयला डेयरी रोड और पालम कॉलोनी सहित अनेक केंद्रों पर भी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की गई। इंद्रपुरी केंद्र पर भी सैकड़ों नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सहायता हासिल की। यह व्यापक जनभागीदारी दर्शाती है कि दिल्लीवासी घर के निकट उपलब्ध हो रही सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सक्रिय रूप से आगे आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ही दिन बड़ी संख्या में दिल्लीवासी अपने घर के निकट सरकारी सेवाएं उपलब्ध होने से संतुष्ट हैं और इस पहल को सकारात्मक रूप से स्वीकार कर रहे हैं। अनेक नागरिक राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, जल कनेक्शन, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए शिविरों में पहुंचे। विभिन्न केंद्रों पर लोगों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क किया और मौके पर ही मार्गदर्शन और समाधान प्राप्त किया। कई स्थानों पर नागरिकों ने योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ आवश्यक आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी सोच के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ये शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story