आईपीयू 25 अप्रैल से आयोजित करेगी अपनी सीईटी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
आईपीयू 25 अप्रैल से आयोजित करेगी अपनी सीईटी परीक्षा


नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु अपनी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) 25 अप्रैल से 23 मई तक आयोजित करने जा रही है।

आईपीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसएल भंडारकर के अनुसार, इस अवधि के दौरान प्रत्येक शनिवार और रविवार को सीईटी ओएमआर शीट पर दो पालियों (सुबह और शाम) में आयोजित की जाएंगी। सुबह की पाली 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और शाम की पाली दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

डॉ. भंडारकर ने बताया कि 78 कार्यक्रमों के लिए कुल 50,531 आवेदक इन सीईटी में शामिल होने जा रहे हैं। पीएचडी को छोड़कर 9 और 10 मई की सीईटी दिल्ली एनसीआर स्थित केंद्रों के अलावा चार बाहरी शहरों- चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, कोलकाता में भी आयोजित की जाएंगी।

डॉ. भंडारकर ने जानकारी दी कि संबंधित सीईटी के आयोजन से लगभग पांच-छह दिन पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। सीईटी से संबंधित तिथि, सत्र, केंद्र में बदलाव के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पैरा-मेडिकल कार्यक्रमों के दो सीईटी कोड 119 और 124 के लिए एक ही परीक्षा पत्र होगा।

उन्होंने कहा कि सीईटी से संबंधित किसी भी सहायता के लिए आवेदक हेल्पलाइन नंबर- 25302263 और 25302278 पर संपर्क कर सकते हैं और cet@ipu.ac.in और coe2@ipu.ac.in पर मेल भी कर सकते हैं।

डॉ. भंडारकर ने सीईटी के सभी आवेदकों से अनुरोध किया कि इस संबंध में आगे के विवरण और अपडेट के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की दोनों वेबसाइट पर देखते रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story