मुख्यमंत्री ने कॉलोनियों और बड़े बाजार में रात्रिकालीन सफाई के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने कॉलोनियों और बड़े बाजार में रात्रिकालीन सफाई के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली व अन्य पर्व के दौरान दिल्लीवासियों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजधानी में सफाई के मामले में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने, कूड़े के ढेर हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को रिहायशी कॉलोनियों, बड़े बाजारों और प्रमुख मार्केट में रात्रिकालीन सफाई शुरू करने के भी निर्देश दिए ताकि त्योहारों के दौरान राजधानी के हर इलाके में स्वच्छता दिखाई दे।

इस विषय को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही, निगम के अन्य प्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के कुछ इलाकों में कूड़े के ढेर लगे होने और समय पर कूड़ा नहीं उठाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। सफाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन उनके अपेक्षित परिणाम जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे। कुछ जोन में कूड़ा उठाने में लापरवाही की शिकायतें भी सामने आई हैं। बड़े बाजारों और मार्केट में भी सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए और सफाई व्यवस्था में सुधार का असर स्पष्ट रूप से नजर आना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने मेयर और निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि त्योहारों को देखते हुए पूरी दिल्ली में सफाई अभियान को गति दी जाए। जिन इलाकों में अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत है, वहां तत्काल मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर रात्रिकालीन सफाई अभियान के लिए नए कर्मचारियों को भी काम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि रिहायशी कॉलोनियों और बड़े बाजारों में रात के समय सफाई होने से दिन में लोगों की आवाजाही के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सफाई के बाद कूड़े का समय पर उठाना भी जरूरी है। इसमें देरी होने पर दोबारा कूड़े के ढेर लग जाते हैं। इसलिए सफाई और कूड़ा उठाने के कार्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, बाजारों, रिहायशी इलाकों और अन्य सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा, निर्माण मलबा और गंदगी तत्काल हटाई जाए। सड़कों पर धूल की समस्या दूर करने के साथ नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि राजधानी के नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने और कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल बैठकें करने और रिपोर्ट तैयार करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। अधिकारियों को फील्ड में उतरकर काम करना होगा और यह भी सुनिश्चित करना होगा कि दिए गए निर्देशों का पालन हो रहा है। जहां कमियां मिलें, वहां संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तुरंत समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने सफाई व्यवस्था में तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया, ताकि निगरानी मजबूत हो और काम के परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दें।

मंत्री आशीष सूद ने निगम अधिकारियों को आदेश दिए कि दिल्ली को स्वच्छ बनाने व कूड़े के ढेरों से मुक्ति दिलाने के लिए नई तकनीक का प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों, उमंग और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। इन अवसरों पर हर परिवार चाहता है कि उसका घर, आसपास का इलाका, बाजार और पूरा शहर स्वच्छ एवं सुंदर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस दौर में दिल्ली के हर इलाके में स्वच्छता का सकारात्मक बदलाव दिखना चाहिए और इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story