मंत्री इंद्राज एवं सिरसा ने बवाना स्थित लाल फ्लैट्स का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री इंद्राज एवं सिरसा ने बवाना स्थित लाल फ्लैट्स का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ बवाना स्थित लाल फ्लैट्स का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य लाल फ्लैट्स से संबंधित विभिन्न नागरिक एवं आधारभूत सुविधाओं, आवासीय व्यवस्थाओं तथा अन्य विषयों का जमीनी स्तर पर आकलन कर उनके समयबद्ध एवं समन्वित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड, दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम, जिला प्रशासन, नगर निगम दिल्ली, दिल्ली पुलिस तथा टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने इस मौके पर कहा कि लाल फ्लैट्स में रहने वाले प्रत्येक परिवार को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से सभी आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि संबंधित विभागों के सहयोग एवं समन्वय से लंबित विषयों का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा लाल फ्लैट्स को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय परिसर के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कदम निरंतर उठाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से क्षेत्र के निवासियों को शीघ्र ही सकारात्मक परिवर्तन का अनुभव होगा तथा उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों से स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली गई है तथा संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बवाना स्थित लगभग 1,184 लाल फ्लैट्स का निर्माण वर्ष 2010-11 में जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) के अंतर्गत दिल्ली के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएआईआईडीसी ) द्वारा किया गया था। वर्तमान में इस आवासीय परिसर में बड़ी संख्या में परिवार निवास कर रहे हैं। साथ ही कुछ फ्लैटों के आवंटन, पात्र लाभार्थियों को कब्जा सौंपने, शेष फ्लैटों को डीएसआईआईडीसी से दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड को हस्तांतरित किए जाने, रखरखाव, जलापूर्ति, स्वच्छता, सीवर व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, नागरिक आधारभूत सुविधाओं तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। इन्हीं विषयों की व्यापक समीक्षा एवं आवश्यक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह संयुक्त निरीक्षण आयोजित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story