लाइटिंग, सफाई और नालों की डीसिल्टिंग के दिए आदेश

WhatsApp Channel Join Now
लाइटिंग, सफाई और नालों की डीसिल्टिंग के दिए आदेश


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को मध्य और पश्चिमी दिल्ली में 'गवर्नमेंट ऑन व्हील्स' निरीक्षण के दौरान रोहतक रोड की री-कार्पेटिंग, रानी झांसी फ्लाईओवर के नीचे लाइटिंग, सफाई और जखीरा में नालों की डीसिल्टिंग के आदेश दिए।

दौरे की शुरुआत पंचकुइयां रोड से हुई और इसमें रानी झांसी रोड, ईदगाह रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर व उसके नीचे का क्षेत्र, रोहतक रोड, न्यू रोहतक रोड, जखीरा, करमपुरा फ्लाईओवर, पटेल रोड और शादीपुर शामिल रहे, तथा समापन शंकर रोड पर हुआ। कई स्थानों पर दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रखीं।

मंत्री को रोहतक रोड पर डीटीएल और बीएसईएस द्वारा यूटिलिटी कार्यों के लिए की गई खुदाई के कारण सड़क की हालत खराब दिखाई दी। उन्होंने डेजीबी, बीएसईएस और डीटीएल के लंबित कार्य पूरे होने के बाद सड़क की पूरी री-कार्पेटिंग के निर्देश दिए हैं। रानी झांसी रोड और ईदगाह रोड पर पीडब्ल्यूडी को 15 दिनों के भीतर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों और टूटे फुटपाथों की मरम्मत और रानी झांसी फ्लाईओवर के नीचे पीडब्ल्यूडी व एमसीडी को एक सप्ताह के भीतर नई लाइटें लगावाने के लिए निर्देश दिए हैं। न्यू रोहतक रोड और जखीरा पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पीडब्ल्यूडी नालों की डीसिल्टिंग करने के निर्देश दिए हैं। करमपुरा फ्लाईओवर, पटेल रोड और शादीपुर में गड्ढों की मरम्मत करने के निर्देश जारी किए हैं। शंकर रोड पर सड़क किनारे का मलबा हटाने का निर्देश दिया है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता को गड्ढों से मुक्त सड़क, ओवरफ्लो न होने वाला नाला और सुरक्षित चलने लायक फुटपाथ चाहिए। आज छह विभागों ने एक ही समय पर एक ही समस्या देखी, इसलिए समाधान भी वहीं सड़क पर तय हो गया। मैंने अपने अधिकारियों से कहा कि वे इन्हीं जगहों पर दोबारा आकर मुझे पूरा हुआ काम दिखाएं। हमारे लिए जवाबदेही सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक समय-सीमा है। शनिवार को दिए गए निर्देशों की अनुवर्ती समीक्षा एक महीने के भीतर की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story