मुख्यमंत्री ने 500 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने 500 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का किया उद्घाटन


मुख्यमंत्री ने 500 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पालम विधानसभा के द्वारका सेक्टर-7 स्थित एयर फोर्स और नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव में 500 किलोवॉट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट सोसाइटी के लगभग 375 घरों की बिजली जरूरतों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा से पूरा करेगा।

इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, पालम के विधायक कुलदीप सोलंकी, पूर्व विधायक धर्म देव सोलंकी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज सौर ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देशभर में सौर ऊर्जा को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिल्ली सरकार भी इसी संकल्प के साथ राजधानी में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को एक लाख रुपये से अधिक की संयुक्त सब्सिडी देकर रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने लोगों से सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल कम करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि 500 किलोवाट क्षमता वाला यह सोलर पावर प्लांट राजधानी की सबसे बड़ी आवासीय सौर परियोजनाओं में से एक है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना को केंद्र सरकार से 90 लाख रुपये और दिल्ली सरकार से 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। इसके शुरू होने से एन्क्लेव का मासिक बिजली खर्च लगभग 12 लाख रुपये से घटकर 6 लाख रुपये रह जाएगा, जिससे हर साल करीब 72 लाख रुपये की बचत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story