दिल्ली-एनसीआर में वर्षा होने से निचले इलाकों में भारी जलभराव

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-एनसीआर में वर्षा होने से निचले इलाकों में भारी जलभराव


दिल्ली-एनसीआर में वर्षा होने से निचले इलाकों में भारी जलभराव


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में बीते दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

यहां लगातार बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। कई कॉलोनियों और निचले इलाकों में जलभराव के कारण घरों और दुकानों में पानी घुस गया है, जिससे भारी नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश शनिवार को दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। इसके चलते आईटीओ, आश्रम, धौला कुआं, रिंग रोड, विकास मार्ग और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। निचले इलाकों खासकर सीमापुरी, संगम विहार, बादली, मयूर विहार फेज-3 और नजफगढ़ के कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी जमा हो गया। जलभराव के खतरे को देखते हुए प्रशासन को एहतियातन कई प्रमुख अंडरपास पर बैरिकेडिंग कर यातायात बदलना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को जाम से बचने के लिए जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून की सक्रिय ट्रफ लाइन दिल्ली-एनसीआर के करीब से गुजर रही है, जिसके चलते यह मौसमी बदलाव देखा जा रहा है। राजधानी में ऐसा ही मौसम सोमवार को भी बने रहने के आसार हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम तथा कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। लगातार हो रही बारिश होने से हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) में भी बड़ा सुधार देखा गया है ।

पूरे राजधानी में नगर निगम (एमसीडी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारियों को पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट के साथ फील्ड में तैनात किया गया है। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story